हादसे का शिकार हुई टाटा सूमो कार, एक की मौत, आठ घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी में चंडीगढ़-मनाली एनएच पर पंडोह डैम के पास बनाए वैकल्पिक सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां एक टाटा सूमो कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान टिकम राम निवासी गांव मुथल डाकघर और पंचायत देवरी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती शाम करीब 5:30 बजे टाटा सूमो कार पंडोह बाजार से देवरी पंचायत के बौंस गांव की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एसपीटी होटल के मोड़ के पास चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे गिर गई। हादसे में जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त टिकम राम की मौके पर मौत हो गई। जबकि कार में सवार करीब आठ लोग घायल हो गए। सभी घायल देवरी पंचायत के आसपास के बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया। एएसपी सागर चंद्र ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।