हिमाचल आपदा में लगभग 5000 करोड़ का नुकसान, कुलदीप राठौर ने केंद्र से मदद और सांसदों की एकजुटता की अपील की
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और ठियोग विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को अब तक प्राकृतिक आपदा से 5000 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है और यह आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अवैध कटान और अवैध खनन को रोकना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के नुकसान से बचा जा सके।
शिमला
आपदा से निपटने में केंद्र का सहयोग अनिवार्य
राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार दिन-रात आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के प्रयास कर रही है, लेकिन केंद्र सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने भाजपा सांसदों से आग्रह किया कि वे राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल की मदद के लिए केंद्र पर दबाव बनाएं।
अवैध कटान और खनन पर लगे रोक
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी होनी चाहिए और भूस्खलन वाले स्थलों को समय रहते चिन्हित कर सुधारा जाना चाहिए।
शांता कुमार की टिप्पणी पर कड़ा पलटवार
राठौर ने भाजपा नेता शांता कुमार द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि शांता कुमार को उम्र के इस पड़ाव में सोचे-समझे बयान देने चाहिए। राठौर ने कहा कि सेब बागवानों पर उनके कार्यकाल में हुए अत्याचार और गोलीकांड आज भी बागवानों के जख्म ताजा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और कांग्रेस किसी भी स्तर पर उनका अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।
माफी की मांग
राठौर ने कहा कि शांता कुमार को अपनी संकीर्ण मानसिकता दिखाने के बजाय राहुल गांधी से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।