‘हिमाचल ऑन सेल’ : सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने पर भाजपा का सरकार पर बड़ा हमला
पीटरहॉफ से लेकर पर्यटन निगम के 18 होटलों और बेशकीमती जमीनों पर उठाए सवाल, धारा 118 की मंजूरियों पर मांगा श्वेतपत्र
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, पर्यटन संपत्तियों और बेशकीमती सरकारी जमीनों को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा ने सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों ने प्रदेश में ‘हिमाचल ऑन सेल’ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। उन्होंने सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की योजनाओं पर सरकार से जवाब मांगा है।
राकेश शर्मा ने कहा कि शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ को पीपीपी मॉडल के तहत निजी हाथों में सौंपने की तैयारी आखिर किस नीति के तहत की जा रही है। प्रदेश सरकार स्वयं इस ऐतिहासिक संपत्ति का जीर्णोद्धार और संचालन क्यों नहीं कर सकती? उन्होंने पर्यटन विकास निगम की 18 संपत्तियों को लीज पर देने के मुद्दे पर भी सरकार की मंशा और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
भाजपा प्रवक्ता ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित ‘हिम चंडीगढ़’ परियोजना को लेकर भी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि उद्योगों के नाम पर आवंटित जमीनों का भू-उपयोग बदलकर रियल एस्टेट गतिविधियों की अनुमति देने संबंधी आरोप बेहद गंभीर हैं।
उन्होंने सरकार से पूछा कि प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के नाम पर अब तक कितनी जमीन आवंटित की गई और इसके एवज में कितने हिमाचली युवाओं को रोजगार मिला।
राकेश शर्मा ने दिसंबर 2025 में विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि तीन वर्षों में धारा 118 के तहत 1,181 मामलों को मंजूरी दी गई, जिनमें 472 मामले व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रयोजनों से जुड़े थे।
अकेले सोलन जिले में 651 मामलों को स्वीकृति दी गई। उन्होंने इन सभी मंजूरियों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
भाजपा प्रवक्ता ने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की करीब 1,500 बीघा भूमि, बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क और दिल्ली स्थित हिमाचल निकेतन को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आत्मनिर्भर हिमाचल की बात करते हैं, लेकिन आत्मनिर्भरता का अर्थ प्रदेश की बहुमूल्य संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपना नहीं, बल्कि उनका बेहतर प्रबंधन कर सरकारी राजस्व बढ़ाना है।
राकेश शर्मा ने मांग की कि कांग्रेस सरकार दिसंबर 2022 से अब तक सरकारी संपत्तियों की लीज, भूमि आवंटन, भू-उपयोग परिवर्तन और धारा 118 के तहत दी गई मंजूरियों पर विस्तृत श्वेतपत्र जारी करे, ताकि प्रदेश की जनता जान सके कि हिमाचल की बेशकीमती संपत्तियों को लेकर सरकार ने क्या-क्या फैसले लिए हैं।इन आरोपों पर प्रदेश सरकार का पक्ष फिलहाल उपलब्ध नहीं है।