Loading...

पोलियां में बाबा चरंग नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार को मिलेंगे 25 लाख रुपये

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Mins Ago • 1 Min Read

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पोलियां बीत में आयोजित दंगल के दौरान बाबा चरंग नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख रुपये और दंगल कमेटी को एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित दंगल और छिंज मेले युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

पोलियां में बाबा चरंग नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार को मिलेंगे 25 लाख रुपये

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

दंगल कमेटी पोलियां बीत के कार्यक्रम में शुक्रवार देर शाम पहुंचे मुकेश अग्निहोत्री ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय कमेटियों के सहयोग से हो रहे ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा दे रहे हैं। प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। उनके अनुसार, प्रदेश में नशे से जुड़ी करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जबकि चिट्टे के कारोबार में संलिप्त करीब 50 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया गया है।

बीत क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर काम

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बीत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। पोलियां में 50 लाख लीटर क्षमता का प्रदेश का सबसे बड़ा जल भंडारण टैंक स्थापित किया गया है। दुलैहड़ और अमराली में भी 25-25 लाख लीटर क्षमता के टैंक बनाए गए हैं। इसके अलावा 75 करोड़ रुपये की बीत सिंचाई योजना के अंतर्गत पालकवाह से पानी लाने का कार्य जारी है। बीबीएमबी से पानी लाने के लिए केंद्र सरकार के साथ हुए समझौते के बाद बार-बार अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी।

पोलियां में बाबा चरंग नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार को मिलेंगे 25 लाख रुपये

उन्होंने कहा कि बालीवाल से पोलियां तक 42.50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जा रही है। जननी-पोलियां सड़क पर 32 करोड़ रुपये से दो पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है। इन परियोजनाओं को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार, हरोली क्षेत्र में बिजली और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण समझौते किए गए हैं तथा न्यू हरोली सहित क्षेत्र में जारी विकास परियोजनाएं आने वाले समय में हरोली को नई पहचान देंगी।

बल्क ड्रग पार्क के लिए भूमि समतलीकरण शुरू

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क को पर्यावरण संबंधी मंजूरियां मिल चुकी हैं और भूमि समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। परियोजना में केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से एक-एक हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। ड्रग पार्क को बिजली उपलब्ध कराने के लिए पोलियां में 220 केवी सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। पेखूबेला और बाथू में भी सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी हरोली मोहन रावत, दंगल कमेटी के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: •