हिमाचल कई जिलों में इस दिन भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी….
मैदानी इलाकों में अंधड़, बिजली चमकने की संभावना
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों के लिए ख़ुशख़बरी है। बता दें मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। जिससे कि पर्यटकों को बर्फ के दीदार हो सकते है। बता दें पिछले कई महीनों से बारिश न होने के कारण प्रदेश में सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी की कमी से किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार लगातार दो पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते 30-31 जनवरी से अगले 2-3 दिनों तक बारिश और बर्फबारी की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला (शिमला शहर और आसपास के क्षेत्र सहित) के ऊंचे इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
31 जनवरी को चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी हुआ है। राज्य में 3 फरवरी तक बारिश बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं। इसके अलावा निचली पहाड़ियों/मैदानी इलाकों में अंधड़, बिजली चमकने और मध्य-ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा चलने की भी संभावना है।