Loading...

हिमाचल की बाढ़ त्रासदी में त्रिपुरा सरकार आगे आई, पांच करोड़ की मदद सीएम राहत कोष में देगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Sep 2025 • 1 Min Read

हाल ही में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से हिमाचल प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है। त्रिपुरा सरकार ने हिमाचल के लिए पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है।

शिमला

त्रिपुरा सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ
हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए त्रिपुरा सरकार ने पहल की है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घोषणा की कि पांच करोड़ रुपये की राशि हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।

मुख्यमंत्री माणिक साहा की संवेदना
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने फेसबुक पोस्ट और फोन कॉल के जरिए हिमाचल प्रदेश के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में त्रिपुरा की जनता हिमाचल प्रदेश के भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात कर एकजुटता और समर्थन का आश्वासन दिया।

हिमाचल में आपदाओं से भारी तबाही
20 जून से मानसून की शुरुआत के बाद से हिमाचल प्रदेश में लगातार आपदाएं आ रही हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 133 बड़े भूस्खलन, 95 अचानक बाढ़ और 45 बार बादल फटने की घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं। इन आपदाओं में 366 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से 203 मौतें भारी बारिश और 163 मौतें सड़क हादसों में हुई हैं। सार्वजनिक और निजी संपत्ति को 4079 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा है।