हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने 37वें राष्ट्रीय खेलों में जीता स्वर्ण पदक
HNN/ शिमला
नेशनल खेलों में हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर इस बार भी कबड्डी का खिताब अपने नाम किया है। बता दें कि गोवा में चल रहे 37वें नेशनल गेम्स में लगातार 4 मैचों में जीत दर्ज कर हिमाचल की टीम ने फाइनल में स्थान बनाया था। अब हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने हरियाणा को 32-23 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
सिरमौर की पुष्पा राणा की कप्तानी में यह टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पहले मैच में हिमाचल की टीम ने महाराष्ट्र को 44-23 से हराया। इसके बाद उत्तर प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 52-22 से हरा दिया।
तीसरे मैच में राजस्थान को 36-23 से हराकर मुकाबले को जीता। सेमी फाइनल में पंजाब को 48-30 से हराकर हिमाचल की टीम ने फाइनल में स्थान बनाया। हिमाचल के फाइनल में जगह बनाने के बाद राज्य की टीम पदक तालिका में 27वें रैंक पर आ गई थी।
