हिमाचल की सियासत में तीसरे मोर्चे की दस्तक, नितिन चौहान बोले—विरोध नहीं, विकल्प की राजनीति करेंगे
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
पार्टी किसी व्यक्ति, दल या सरकार के विरोध की राजनीति नहीं करेगी, बल्कि संगठन को मजबूत करते हुए हिमाचल में एक विश्वसनीय तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।” यह बात लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान उर्फ टिंकू ने सोमवार को नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
नितिन चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए केवल राजनीतिक पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उनका लक्ष्य हिमाचल प्रदेश में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए बूथ, खंड और मंडल स्तर पर संगठन का विस्तार करने के साथ प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों-बागवानों, कर्मचारियों, व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी जल्द किया जाएगा, जिसके बाद संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।नितिन चौहान ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, पर्यटन को नई दिशा, किसानों-बागवानों को बेहतर बाजार उपलब्ध करवाना तथा स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाना पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी के खिलाफ राजनीति करने के बजाय अपने संगठन, विचार और मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।अपने पिता स्वर्गीय सदानंद चौहान की राजनीतिक विरासत का उल्लेख करते हुए नितिन चौहान ने कहा कि विकास को लेकर उनके सपनों को नई सोच के साथ आगे बढ़ाना उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण अपनी जगह हैं, लेकिन हिमाचल में लोक जनशक्ति पार्टी अपनी अलग पहचान और संगठनात्मक ताकत के साथ आगे बढ़ेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अभिमन्यु चौहान, दिनेश चौधरी, अनवर खान, धीरज थापा, संजय, गुमान सिंह, लीला सैनी, अशोक सैनी, सुनील जायसवाल, राजेश चौहान, दिनेश, प्रवेष सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
