हिमाचल के इन 2 जिलों के लिए अग्निवीर भर्ती का शेड्यूल जारी….
HNN/ कांगड़ा
अग्निपथ योजना भर्ती वर्ष 2024-25 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से 22 मार्च 2024 तक चलेगी। अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा 22 अप्रैल से शुरू होगी। दूसरे चरण मे शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण (पीएफटी), शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) और चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के भर्ती निदेशक कर्नल मनीष शर्मा (सेना मेडल) ने कहा कि कांगड़ा और चंबा जिले के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर कार्यालय सहायक/स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास और अग्निवीर ट्रेड्समैन आठवीं कक्षा पास वर्गों के लिए अधिसूचना जारी की गई है।
इच्छुक उम्मीदवार अपना पंजीकरण भारतीय सेना के अधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर कर सकते हैं। विभिन्न पदों की जानकारी देते हुए कर्नल मनीष शर्मा ने बताया कि भर्ती के लिए इस बार कुछ नए नियम लागू किए गए हैं। अग्निवीर लिपिक व स्टोर कीपर तकनीकी के जगह अग्निवीर कार्यालय सहायक/एसकेटी की श्रेणी में भर्ती होगी।
अग्निवीर ऑफिस असिस्टेंट/एसकेटी के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों के लिए टाइपिंग टेस्ट ऑनलाइन सीईई के दौरान किया जाएगा। इसमें परीक्षण के दौरान अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट वांछनीय है। केवल वे उम्मीदवार जो टाइपिंग टेस्ट उत्तीर्ण करेंगे, भर्ती प्रक्रिया के चरण- 2 के लिए बुलाए जाने के लिए पात्र होंगे।
अभ्यार्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन सीईई अभ्यास परीक्षण और टाइपिंग अभ्यास परीक्षण का नमूना भारतीय सेना के अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं । शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण और शारीरिक माप परीक्षण उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रचलित नीति के अनुसार अनुकूलनशीलता परीक्षण देना होगा।
अनुकूलनशीलता परीक्षण उन अभ्यर्थियों के चयन के लिए है जो भारतीय सेना के वातावरण के अनुकूल हो सकते हैं और सैन्य जीवन की चुनौतियों को अपनाने में सक्षम हैं। इस टेस्ट को पास करने वाले अभ्यर्थी मेडिकल और आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए पात्र होंगे। फेल होने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आगे भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अनुकूलनशीलता परीक्षण की अवधि के लिए उम्मीदवारों को अपने स्मार्ट फोन ले जाने की अनुमति होगी।