हिमाचल के इन 4 जिलों के युवा अग्निवीर भर्ती के लिए इस दिन तक करें ऑनलाइन पंजीकरण…

AGNIVIR.jpg

HNN/ शिमला

भारतीय सेना में अग्निपथ योजना के तहत शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर के युवाओं के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। इसके लिए 22 मार्च तक सेना की वेबसाइट पर पंजीकरण करवाया जा सकता है। वेबसाइट पर पंजीकरण की प्रक्रिया 13 फरवरी से आरंभ हो चुकी है।

बता दें अग्निवीर जनरल ड्यूटी, ऑफिस असिस्टेंट, स्टोरकीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन, टेक्निकल ट्रेड्स आदि पदों के लिए पंजीकरण होगा। भर्ती कार्यालय शिमला की भर्ती निदेशक कर्नल पुष्विंदर कौर ने एआरओ जतोग में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।

सभी योग्य उम्मीदवारों को भारतीय सेना की वेबसाइट पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। अग्निवीर बनने के लिए उम्मीदवार की पात्रता और शर्तें www.joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। कर्नल कौर ने बताया कि अग्निवीर भर्ती दो चरणों में होगी।

पहले चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा और दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। उम्मीदवार आवेदन करते समय अपनी पसंद का केंद्र चुन सकते हैं, जोकि उपलब्धता के आधार पर आवंटित होगा। ऑनलाइन परीक्षा 22 अप्रैल से विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।