हिमाचल के इस जिला में पटवारी निलंबित, यह है वजह……
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मणिकर्ण पटवार सर्कल के पटवारी को सस्पेंड कर दिया है। बता दें आपदा के बाद नुकसान के आकलन और मुआवजे में अनियमितता बरतने के मामले में पटवारी के खिलाफ यह कार्यवाही की गई है। निरिक्षण के दौरान इन अनिमियताओं का खुलासा हुआ है। ऐसे में अब डीसी आशुतोष गर्ग द्वारा इस जांच का जिम्मा मणिकर्ण सर्कल के तहसीलदार रिकवरी को सौंपा गया है।
जानकारी के मुताबिक, डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग को शिकायत मिली थी कि प्राकृतिक आपदा के बाद मणिकर्ण घाटी में पटवारी ने कई लोगों को मुआवजा दिलाने के लिए गलत रिपोर्ट बनाई है। जानकारी के अनुसार, आपदा प्रभावितों को सरकार द्वारा एक लाख और पूरा मकान क्षतिग्रस्त होने पर 7 लाख रुपए दिए जाने थे।
पटवारी ने अपनी रिपोर्ट में कई लोगों के अवैध भवन को जायज ठहराया और उन्हें 7 लाख रुपए की राशि मिली। जबकि उन्हें मात्र एक लाख रुपए मिलना था। जिला राजस्व अधिकारी गणेश ठाकुर ने कहा कि मुआवजे को लेकर बरती गई अनियमितताओं के लिए मणिकर्ण पटवार सर्कल के पटवारी को निलंबित किया गया है।