Loading...

हिमाचल के इस जिला में फिर तोड़ी गई शिलान्यास पट्टिका, मामला दर्ज

PARUL • 28 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में उपमंडल सुंदरनगर के तहत प्रोलीनाला के पास विधायक राकेश जम्वाल के नाम वाली शिलान्यास पट्टिका तोड़ कर ढांक में गिरा दी है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी को लोक निर्माण विभाग के ध्वाल सेक्शन में कार्य निरीक्षक पद पर तैनात कृष्ण लाल को सूचना मिली कि प्रोलीनाला के पास सलापड़ से सेरी कोठी सड़क के 2019 में किए गए भूमि पूजन की शिलान्यास पट्टिका ईंटों सहित किसी ने तोड़ कर ढांक में फेंक दी है।

जिसके बाद उन्होंने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज कराई। वहीं मंडल भाजपा के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने इसे कांग्रेस की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर में लगातार दो बार विधानसभा चुनाव में करारी हार से कांग्रेस सदमे में है।

इसी के चलते बार-बार सुंदरनगर में विधायक राकेश जम्वाल की ओर से किए गए विकास कार्यों की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाएं तोड़ी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस ने मामले में संलिप्त लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।