हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री का निधन
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट में प्रोफेसर थीं सिम्मी अग्निहोत्री
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का निधन हो गया है। उप मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने फेसबुक पेज पर शुक्रवार रात करीब 12:00 बजे इसकी जानकारी साझा की। उप मुख्यमंत्री ने लिखा कि हमारी प्रिय सिमी अग्निहोत्री हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गई।
जानकारी के मुताबिक, बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गोंदपुर जयचंद में अपने निवास पर शाम को सिम्मी अग्निहोत्री की अचानक ही तबीयत खराब हुई। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था लेकिन कुराली के समीप उनका निधन हो गया।
गौरतलब है कि 12 फरवरी को उन्होंने बाथू में माता का जागरण रखा था, जिसकी तैयारी वह कर रही थीं और सभी व्यवस्था खुद देख रही थीं। मुकेश अग्निहोत्री और सिम्मी अग्निहोत्री की शादी 8 अप्रैल 1992 को हुई थी। सिम्मी अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट में प्रोफेसर थीं।