हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी, अटल टनल यातायात के लिए बंद
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में आज मौसम ने फिर करवट ली है। बता दें लाहौल के तिंदी में 20, त्रिलोकनाथ व कुकुमसेरी में 30, पट्टनघाटी के अन्य भागों में 15 से 25, सिस्सू 10, अटल टनल नॉर्थ पोर्टल 15, जिस्पा 12, कोकसर 30, रोहतांग दर्रा 60, कुंजम दर्रा व बारालाचा पास में करीब 75 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।
वहीं सीबी रेंज, धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं सहित घेपन पीक, इंद्रकिला, बड़ा और छोटा शिगरी में भी हिमपात हुआ है। बर्फबारी से अटल टनल रोहतांग और जलोड़ी दर्रा फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है।
वहीं, सोमवार सुबह से किन्नौर जिले के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। वहीं, निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। ऊँची चोटियों पर बर्फ़बारी शुरू होने के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बर्फ़बारी होने से प्रदेश में ठंड का प्रकोप भी काफी बढ़ गया है।