Loading...

हिमाचल के सात नए नगर निगमों में बिछी वार्डों की नई बिसात: चुनावी रणभेरी बजने को तैयार!

Shailesh Saini • 16 Jul 2025 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

हिमाचल प्रदेश में सात नए बने नगर निगमों के चुनावी दंगल से पहले, वार्डों की सीमाओं को लेकर चल रहा इंतजार अब ख़त्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने धर्मशाला, पालमपुर, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सोलन और बद्दी नगर निगमों के लिए परिसीमन की अधिसूचना जारी कर दी है।

इसका मतलब है कि अब तय हो गया है कि कौन सा इलाका किस वार्ड में आएगा और अगली बार इन निगमों में वोट इन्हीं नई सीमाओं के हिसाब से पड़ेंगे।राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने खुद इन नई सीमाओं की मुहर लगाई है। इस ऐलान के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है कि परिसीमन में कहीं देरी न हो जाए। चुनाव आयोग ने अपनी तय समय-सीमा के भीतर इस बड़े काम को अंजाम दिया है।दरअसल, हिमाचल में वर्तमान सरकार ने शहरी निकायों और नगर निगमों की संख्या बढ़ाई थी।

ऐसे में इन नए निगमों को चुनावी मैदान में उतारने से पहले वार्डों का खाका खींचना बेहद ज़रूरी था। शिमला नगर निगम का चुनाव भले ही अलग समय पर होता हो, लेकिन बाकी सात निगमों में चुनाव एक साथ ही करवाए जाते हैं।

यह परिसीमन उन सभी शहरी निकायों के लिए अगले चुनावों का आधार बनेगा। अब जब वार्डों की तस्वीर साफ हो गई है, तो सियासी गलियारों में भी हलचल तेज़ होने की उम्मीद है।

माना जा रहा है कि राजनीतिक दल जल्द ही इन नई सीमाओं के हिसाब से अपनी चुनावी रणनीति बनाना शुरू कर देंगे।