Loading...

हिमाचल के 19.50 लाख उपभोक्ताओं को झटका, डिपो में रिफाइंड तेल मिलेगा महंगा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Jun 2025 • 1 Min Read

शिमला

डिपो में रिफाइंड तेल के दामों में भारी बढ़ोतरी, छह से आठ महीने बाद फिर शुरू हो रही सप्लाई

हिमाचल प्रदेश के 19.50 लाख राशनकार्ड धारक परिवारों को अब सरकारी डिपुओं में रिफाइंड तेल पहले से कहीं ज्यादा महंगा मिलेगा। खाद्य आपूर्ति निगम शिमला द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिफाइंड तेल की नई दरें जारी की गई हैं, जिनके अनुसार बीपीएल, एपीएल व एनएफएसए उपभोक्ताओं को यह तेल अब 134 रुपये प्रति लीटर तथा आयकरदाता उपभोक्ताओं को 144 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

पहले 97 और 102 रुपये में मिलता था रिफाइंड तेल

पहले रिफाइंड तेल की दरें बीपीएल, एपीएल व एनएफएसए उपभोक्ताओं के लिए 97 रुपये और आयकरदाताओं के लिए 102 रुपये प्रति लीटर थीं। अब इनकी कीमतों में 37 से 42 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। रिफाइंड तेल की यह सप्लाई लगभग छह से आठ महीने बाद शुरू हो रही है। इससे पहले कई जिलों में सितंबर 2024 और कुछ जगह जनवरी 2025 में आखिरी बार तेल की आपूर्ति की गई थी।

डिपो में इस बार चने की दाल नहीं मिलेगी

इस बार राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को चने की दाल नहीं दी जाएगी। पहले उपभोक्ताओं को दो किलो चने की दाल लेने का विकल्प मिलता था, लेकिन इस बार यह पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं में निराशा है, क्योंकि दालें पहले से ही बाजार में महंगी हैं।

कस्टम ड्यूटी के चलते बढ़े दाम, फिर भी बाजार से सस्ता रहेगा तेल

खाद्य आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल के अनुसार रिफाइंड तेल की कीमतों में इजाफा 27.5 फीसदी कस्टम ड्यूटी के कारण हुआ है। बावजूद इसके डिपो में उपभोक्ताओं को रिफाइंड तेल बाजार से 10 से 12 रुपये सस्ता मिलेगा। इस महीने के दौरान कांगड़ा जिले की 1136 उचित मूल्य की दुकानों में रिफाइंड तेल भेजा जाएगा। इसी तरह चंबा, हमीरपुर और अन्य जिलों में भी सप्लाई की जा रही है।