Loading...

हिमाचल कैबिनेट : करूणामूलक रोजगार नीति में बड़ा बदलाव , बीएससी नर्सिंग सीटें बढ़ीं , मेडिकल डिवाइस पार्क को हरी झंडी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 Jul 2025 • 1 Min Read

हिमाचल कैबिनेट : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने करूणामूलक रोजगार नीति में संशोधन, बीएससी नर्सिंग सीटों में बढ़ोतरी, मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना सहित लघु जल विद्युत परियोजनाओं और खनन नियमों में बदलाव को मंजूरी दी।

करूणामूलक रोजगार नीति में बदलाव
मंत्रिमंडल ने प्रति परिवार आय सीमा को 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दिया। विधवाओं, अभिभावक विहीन आवेदकों और कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को प्राथमिकता मिलेगी। पांच प्रतिशत कोटे में रिक्तियां न होने पर एकमुश्त छूट दी जाएगी।

बीएससी नर्सिंग और मेडिकल डिवाइस पार्क
सिस्टर निवेदिता नर्सिंग कॉलेज शिमला में सीटें 60 से बढ़ाकर 100 की गईं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में नया बीएससी नर्सिंग कॉलेज खुलेगा। नालागढ़ में 300 एकड़ भूमि पर मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए उप-समिति बनाई गई, जो दो महीने में रिपोर्ट देगी।

खनन नियम और जल विद्युत परियोजनाएं
मंत्रिमंडल ने खनिज नियमों में संशोधन कर ठेकेदारों को रखरखाव के दौरान निकली सामग्री का निजी उपयोग करने की अनुमति दी। 172 लघु जल विद्युत परियोजनाएं रद्द की गईं, जिन्हें दोबारा विज्ञापित किया जाएगा। 22 बड़ी परियोजनाएं भी निरस्त होंगी। नई परियोजनाओं पर 12% मुफ्त बिजली रॉयल्टी और 1% स्थानीय विकास कोष अनिवार्य होगा।

अन्य प्रमुख फैसले
कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की समयसीमा 2026 तक बढ़ाई गई। शिमला-धर्मशाला हवाई उड़ान संचालन समझौता बढ़ाया गया। धौलाकुआं माजरा क्षेत्र के लिए विकास योजना को मंजूरी दी गई। नलेटी पटवार सर्कल का पुनर्गठन किया गया और नशा मुक्ति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।