Loading...

हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती नियमों में बदलाव, सभी वर्गों के लिए इतने इंच बढ़ाई लंबाई……

Ankita • 8 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल में पुलिस कांस्टेबल के 1228 पद भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भर्ती के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं। भर्ती के लिए सभी श्रेणियां के लिए लंबाई में एक-एक इंच की वृद्धि करने के साथ अन्य मापदंडों में भी बदलाव किया है।

सभी वर्गों में पात्रता के लिए एक-एक इंच की लंबाई में वृद्धि की गई है। इन पदों को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भरा जाएगा। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से इसके लिए 15 दिन के भीतर आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सामान्य वर्गों के लिए पुरुष भर्ती के लिए लंबाई 5.6 फीट, आरक्षित वर्गों के लिए 5.4, महिलाओं के लिए 5.2 फीट रखी गई है। पुलिस भर्ती में महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।कांस्टेबल के 1228 पदों में से 877 पद पुरुषों के लिए आरक्षित होंगे, 292 पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे तथा 57 पद ड्राइवर के लिए आरक्षित होंगे।

पुरुष अभ्यर्थियों को 1500 मीटर दौड़ साढ़े पांच मिनट तक पूरी करनी होगी। महिलाओं के लिए 800 मीटर दौड़ होगी। यह उन्हें 3 मिनट 45 सेकंड में पूरा करना होगा। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1.35 मीटर और महिलाओं के लिए 1.10 मीटर ऊंची कूद में भाग लेना होगा।

इसके लिए उन्हें तीन प्रयास मिलेंगे। पुरुषों को 4 मीटर और महिलाओं को 3 मीटर लंबी छलांग लगानी होगी। इसके अलावा पुरुषों को 100 मीटर की दौड़ 14 सेकंड और महिलाओं को 17 सेकंड के भीतर पूरी करनी होगी।

लंबाई के भी मिलेंगे अंक…..

पुलिस कांस्टेबल में भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों को लंबाई के अंक भी मिलेंगे। पुरुषों में 5 फीट 7 इंच से कम अभ्यर्थी को कोई अंक नहीं मिलेगा। 5 फीट 7 इंच से 5 फीट 8 इंच से कम को 1 अंक, 5 फीट 8 इंच और 5 फीट 9 इंच से कम को 2 अंक, 5 फीट 9 इंच से 5 फीट 10 इंच से कम को 3 अंक, 5 फीट 10 इंच से 5 फीट 11 इंच से कम को 4 अंक, 5 फीट 11 इंच से 6 फीट से कम को 5 अंक और 6 फीट और उससे ऊपर को 6 अंक मिलेंगे।

एनसीसी के मिलेंगे अंक……

पुलिस भर्ती में एनसीसी प्रमाणपत्र के अंक मिलेंगे। ए सर्टिफिकेट वाले को 1 अंक, बी सर्टिफिकेट वाले को 2 अंक और सी सर्टिफिकेट वाले को 4 अंक मिलेंगे। यदि किसी अभ्यर्थी के पास सभी प्रमाणपत्र होंगे तो उसे 4 अंक दिए जाएंगे।