हिमाचल प्रदेश के पुलिस कर्मी अब वर्दी में नहीं बना पाएंगे रील्स, आदेश जारी
HNN/ शिमला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वर्दी में पुलिस कर्मियों द्वारा फोटो, वीडियो और रील अपलोड करने पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में अब नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी। हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा ने इस बारे में एक अधिसूचना जारी की है।
आदेशों में लिखा है कि ”यह देखने में आया है कि कुछ पुलिस अधिकारी/कर्मी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वर्दी में ऐसी तस्वीरें, वीडियो, रील या कहानियां पोस्ट/अपलोड कर रहे हैं जो पुलिस कर्तव्यों से संबंधित नहीं हैं। यह आचरण पुलिस विभाग के नियमों और मानदंडों के खिलाफ है और जो सामग्री आधिकारिक पुलिस कार्य से जुड़ी नहीं है।
वह विभाग की प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। पुलिस की वर्दी जनता के प्रति प्रतिबद्धता, समर्पण और जवाबदेही का प्रतीक है। ऐसे में यह जरूरी है कि किसी भी सार्वजनिक या डिजिटल मंच पर इसका उपयोग बंद हो।