Loading...

हिमाचल प्रदेश को जल विद्युत क्षमता में सर्वोच्च उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया

PARUL • 17 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश को वैश्विक अक्षय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन एवं एक्सपो में जल विद्युत क्षमता में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने हिमाचल प्रदेश को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए कारगर कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल विद्युत और नवीनीकरण ऊर्जा का दोहन करने के लिए सरकार विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड छह माह के भीतर पेखूबेला स्थित 32 मेगावाट के सोलर प्लांट का संचालन शुरू कर दिया गया है। दो सौर ऊर्जा परियोजनाओं, 10 मेगावाट की कुटलैहड़ और पांच मेगावट की भांजल परियोजना को भी जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित कर रही है। सरकारी विभागों में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देकर डीजल वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार हरित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है।