Loading...

हिमाचल मंत्रिमंडल ने पशु मित्र नीति-2025 को दी मंजूरी, 1,000 पद होंगे भरे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 May 2025 • 1 Min Read

शिमला

गौसदनों में चारे के लिए अनुदान बढ़ा, ओटी सहायकों और रेडियोग्राफरों का मानदेय भी बढ़ा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पशुपालन विभाग में मल्टी टास्क वर्कर (पशु मित्र) के 1,000 पद भरने को स्वीकृति दी गई। इस नीति का उद्देश्य पशुधन के संरक्षण और पशुपालकों को तकनीकी सहायता प्रदान करना है।

स्कूलों में पुस्तकालय संचालन के लिए 100 पद, राजस्व विभाग में 25 पद स्वीकृत
मंत्रिमंडल ने शिक्षा विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (पुस्तकालय) के 100 पद भरने का निर्णय लिया। इसके अलावा, राजस्व विभाग में 10 वरिष्ठ सहायक और 15 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।

आयुष विभाग और परिवहन अपीलीय न्यायाधिकरण में भरे जाएंगे पद
आयुष विभाग में बैचवाइज आधार पर पांच आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी के पद भरे जाएंगे। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश राज्य परिवहन अपीलीय न्यायाधिकरण, हमीरपुर में पांच पदों को भरे जाने की स्वीकृति दी गई।

गौसदनों में चारा अनुदान में बढ़ोतरी
गौसदनों में गौवंश के लिए चारा पर दिए जाने वाले अनुदान को 700 रुपये से बढ़ाकर 1,200 रुपये प्रति माह करने का निर्णय लिया गया।

ऑपरेशन थियेटर सहायकों और रेडियोग्राफरों का मानदेय बढ़ा
मंत्रिमंडल ने ऑपरेशन थियेटर सहायकों के मासिक मानदेय को 17,820 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये और रेडियोग्राफरों तथा एक्स-रे तकनीशियनों के मानदेय को 13,100 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ग्रीन अडॉप्शन योजना के तहत CSR फंड से होगा वृक्षारोपण
राज्य के क्षरित वन क्षेत्रों में कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत निजी उद्यमियों द्वारा वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन अडॉप्शन योजना को मंजूरी दी गई।

शिमला में घाटी की ओर भवन निर्माण पर लगेगा प्रतिबंध
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन नियम, 2014 में संशोधन करते हुए शिमला में घाटी की ओर भवन निर्माण को प्रतिबंधित कर दिया है। अब निर्माण कार्य सड़क स्तर से कम से कम एक मीटर नीचे ही किया जा सकेगा।

माता तारा देवी मंदिर क्षेत्र को घोषित किया जाएगा हरित क्षेत्र
शिमला के माता तारा देवी मंदिर के आसपास के वन क्षेत्र को शिमला विकास योजना के तहत हरित क्षेत्र घोषित करने का निर्णय लिया गया है।

राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के तहत ई-टैक्सियों के लिए दिशानिर्देश
राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना-2023 के अंतर्गत ई-टैक्सियों को किराए पर देने के लिए व्यापक दिशानिर्देश तैयार करने की मंजूरी दी गई।

लोक निर्माण विभाग के डिज़ाइन विंग का होगा सिविल विंग में विलय
मंत्रिमंडल ने लोक निर्माण विभाग के डिज़ाइन विंग को सिविल विंग में विलय करने का निर्णय लिया है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और दक्ष बनाया जा सकेगा।

पशु चिकित्सा औषधालय का नाम बदला
कुल्लू जिले के निरमंड विकास खंड में पशु चिकित्सा औषधालय सराहन का नाम बदलकर अब पशु चिकित्सा औषधालय बागा-सराहन कर दिया गया है।