Loading...

हिमाचल में अब उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से मिलेगा राशन

By Ankita Published: 20 Jun 2024, 1:39 PM | Updated: 20 Jun 2024, 1:39 PM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में अब उपभोक्ताओं को ओटीपी के माध्यम से राशन मिलेगा। प्रदेश में वर्तमान में कुल 1,96,0467 राशनकार्ड धारक हैं। इनमें से 99.84 फीसदी लोगों के आधार और 94.40 फीसदी का मोबाइल नंबर दर्ज किया जा चुका है। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग बायोमीट्रिक के साथ ओटीपी से राशन देने के विकल्प को लेकर आज यानी 20 से 30 जून तक ट्रायल करेगा।

यदि यह ट्रायल सफल साबित होता है तो इसके बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने बताया कि वे केवल ओटीपी प्राप्त होने या न होने के बारे में जानकारी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ सांझा करें और किसी भी सूरत में ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ सांझा न करें।

जब कोई व्यक्ति स्वेच्छा से ओटीपी के माध्यम से राशन लेना चाहेगा उस स्थिति में ही राशन कार्ड ओटीपी उचित मूल्य दुकानधारक के साथ सांझा करेगा। उन्होंने बताया कि इस ट्रायल का उद्देश्य भविष्य में बायोमीट्रिक सैल में किसी प्रकार की समस्या आने पर ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित करने की संभावना को तलाशना है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।