हिमाचल में अब ऑनलाइन बनेंगे कॉलेज विद्यार्थियों के बस पास, सॉफ्टवेयर तैयार
ऑनलाइन बस पास में क्यूआर कोड की भी होगी सुविधा
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में अब कॉलेज विद्यार्थियों के बस पास ऑनलाइन बनेंगे। बता दें एचआरटीसी की ओर से बनाए गए साॅफ्टवेयर का ट्रायल किया गया जोकि सफल रहा है। जानकारी के मुताबिक, एचआरटीसी ने ऑनलाइन बस पास में क्यूआर कोड की सुविधा भी दी है।
परिचालक क्यूआर कोड को स्कैन कर भी विद्यार्थी के बस पास के सत्यापन की जांच कर सकता है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर विद्यार्थी की फोटो, कॉलेज पहचान पत्र और पास की वैधता का पता चलेगा।
ऑनलाइन बस पास बनाने की सुविधा शुरू करने के लिए वीरवार को शिमला के कॉलेज प्रबंधनों के सामने ट्रायल किया गया। कॉलेज प्रतिनिधियों को सॉफ्टवेयर की जानकारी भी दी गई। निगम प्रबंधन सबसे पहले राजधानी शिमला के विद्यार्थियों को यह सुविधा उपलब्ध करवाने जा रहा है। दूसरे चरण में प्रदेश के सभी कॉलेजों के छात्रों को यह सुविधा मिलेगी।