हिमाचल में अभी भी कई सड़कों पर थमे वाहनों के पहिए, यहां माइनस में पहुंचा तापमान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में अभी भी कई सड़कों पर वाहनों के पहिए थमे हुए हैं। सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है जिससे फिसलन बढ़ गई है। फिसलन बढ़ने से वाहनों के स्किड होने का खतरा भी लगातार बना हुआ है जिससे कई मार्गो पर वाहनों की आवाजाही ठप है।
इतना ही नहीं पुलिस प्रशासन द्वारा भी लोगों से एहतियात बरतने की अपील की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों पहाड़ों पर भारी हिमपात हुआ जिससे कई सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए। हालांकि इन दिनों मौसम साफ बना हुआ है बावजूद इसके सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाई है।
प्रदेश में 86 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें 75 लाहौल स्पीति में जबकि कुल्लू में पांच, कांगड़ा में तीन, चंबा में दो और सिरमौर में एक सड़क बंद है। उधर, लाहौल-स्पीति जिले के केलंग में न्यूनतम तापमान -4.7 डिग्री पहुंच गया है।