हिमाचल में अभी भी 100 से अधिक सड़कें बंद, 5 दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल..

Weather changed, fresh snowfall on high peaks of Himachal

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने के बावजूद जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौट पाया है। बीते दिनों पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के बाद से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए जिन पर अभी तक भी वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। बुधवार शाम तक प्रदेश में 102 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से ठप रही।

लाहौल-स्पीति में 90, कुल्लू में छह, कांगड़ा में तीन और चंबा में दो सड़कें बंद हैं। चंबा में 20 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। लाहौल-स्पीति में पांच पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश में पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 22 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 19 नवंबर को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है।