Loading...

हिमाचल में आईबी ऑफिसर की हत्या, हिरासत में लिया आरोपी

PARUL • 12 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/चंबा

जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के किहार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी की हत्या हो गई है। मृतक की पहचान अरुण कुमार पुत्र प्रभु दयाल निवासी गांव गरोड तहसील जोगिंद्रनगर जिला मंडी के रूप में की गई है जोकि किहार में बतौर जूनियर इंटेलिजेंस ऑफिसर तैनात था।

उसका शव पुलिस थाना से 60 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान राज कुमार पुत्र जगदीश निवासी गांव गनेत्रा डाकघर किहार तहसील सलूणी जिला चम्बा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, वह एक ढाबे में देर रात तक शराब पी रहा था। इस दौरान आईबी अधिकारी व ढाबा संचालक के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि ढाबा संचालक ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह जब लोगों ने उसका शव ढाबे के सामने सड़क पर खून से लथपथ पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक यादव पुलिस की टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से रॉड, शराब की बोतलें व अन्य वस्तुएं बरामद की हैं। वहीं ऑफिसर के मुंह पर भी गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। जिसके बाद पुलिस ने धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को बुलाया।

फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा ढाबा संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।