Loading...

हिमाचल में इतने आईएएस अधिकारियों को सौंपे अतिरिक्त और नए कार्यभार…..

Ankita • 13 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बता दें सुक्खू सरकार ने 7 आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त और नए कार्यभार सौंपे गए है। आज मंगलवार को कार्मिक विभाग द्वारा इस बाबत अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

जारी की गई अधिसूचना के अनुसार प्रधान सचिव कार्मिक और वन डॉ. अमनदीप गर्ग को नई दिल्ली में सरकार का विनियामक सुधार सलाहकार नियुक्त किया गया है। गर्ग को कार्मिक और वन विभाग के अलावा लोकनिर्माण विभाग का कार्यभार भी सौंपा गया है।

इसके अलावा प्रधान सचिव देवेश कुमार को कर एवं आबकारी विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। शिक्षा सचिव राकेश कंवर को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

संजय गुप्ता को राज्य बिजली बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके पास रोपवे और रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सहित चेयरमैन का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। वहीं, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

वहीं प्रधान सचिव आरडी नजीम को गृह और विजिलेंस, सचिव प्रियतु मंडल को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, श्रम एवं रोजगार और आईटी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। विशेष सचिव लोकनिर्माण विभाग हरबंस सिंह ब्रेसकॉन को सचिवालय प्रशासन विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग और संसदीय कार्यों का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।