हिमाचल में इलेक्ट्रिक वाहन मालिक मोबाइल एप से कर सकेंगे चार्जिंग शुल्क का भुगतान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में मोबाइल एप के जरिये इलेक्ट्रिक वाहन मालिक चार्जिंग शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। एप पर वाहन मालिकों को कोड मिलेगा, इसी कोड के माध्यम से चार्जिंग शुल्क चुका सकेंगे। एप के जरिये इलेक्ट्रिक वाहन मालिक चार्जिंग स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही एडवांस में अपने लिए स्टॉल बुक कर सकेंगे।
चार्जिंग स्टेशन पर कितने पोर्ट हैं, कितना लोड उपलब्ध है और कितनी चार्जिंग फीस लगेगी, इसकी पूरी जानकारी भी एप पर मिलेगी। इलेक्ट्रिक वाहन मालिक एप के जरिये यूपीआई, नेट बैंकिंग या डेबिट/क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर चार्जिंग शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
सरकार ने परिवहन विभाग के माध्यम से प्रदेश के 17 पेट्रोल पंप पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन तैयार कर दिए हैं। प्रदेश में 6 ग्रीन कारिडोर भी स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश का पहला ग्रीन कॉरिडोर किरतपुर-बिलासपुर-मंडी-कुल्लू-मनाली-केलांग तैयार कर दिया है। इस मार्ग पर इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए सात चार्जिंग स्टेशन तैयार कर दिए गए हैं।