हिमाचल में इस दिन तक खराब रहेगा मौसम, अंधड़ चलने का अलर्ट जारी
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर करवट लेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सूबे के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में 26 अप्रैल तक बारिश के आसार हैं। वहीं चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ साथ अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। दो दिन पहले मौसम में आए बदलाव के कारण मैदानी क्षेत्रों के लोगों ने गर्मी काफी राहत ली है। सूबे के कई हिस्सों में भारी अंधड़ ने अपना कहर बरपाया। कई जगह पेड़ गिरने से गाड़ियों को नुकसान पहुंचा तो फसलें भी चौपट हो गई। मैदानी इलाकों में गेहूं की फसल प्रभावित हुई है।
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में बीते दिन मौसम ने करवट बदली। जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ मुख्यालय में 2.54 सेंटीमीटर तो ऊपरी चोटियों चस्क भुटोरी, सुराल भुटोरी, हुड़ान भुटोरी, करयूनी-सैरी, हिलुटवान में 10.16 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। बर्फबारी से पूरा पांगी क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। बर्फ़बारी से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज गई है। अब फिर प्रदेश में मौसम खराब होने का पूर्वानुमान है।