हिमाचल में इस सीजन से यूनिवर्सल कार्टन में होगी सेब की बिक्री, अधिसूचना जारी
HNN/ शिमला
हिमाचल में इस सीजन से सेब की बिक्री यूनिवर्सल कार्टन में होगी। कृषि विभाग ने इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल सरकार ने वजन के साथ छोटे-बड़े आकार के सेब को लेकर मानक तय किए हैं।
अब कार्टन में सेब के छह तरह के ग्रेड के लिए अलग-अलग वजन, ट्रे की संख्या, प्रति बॉक्स सेब और प्रति पेटी वजन को स्पष्ट किया गया है। बागवानों को अपने घरों में ही तैयार फसल का वजन कर पेटी पर न मिटने वाले मार्कर के साथ वजन लिखना होगा।
हालांकि मंडियों में भी मशीन से वजन किया जाएगा। यूनिवर्सल कार्टन के आने से अन्य तरह की पैकिंग मान्य नहीं होगी। गौरतलब है कि पहले सेब की पैकिंग अलग-अलग होने से बागवानों को नुक्सान होता था।