हिमाचल में उमड़ रही पर्यटकों की भीड़, कोरोना का भी बढ़ा खतरा…
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में इन दिनों पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। पहले जहां क्रिसमस के लिए देश के कोने-कोने से सैलानी हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पहुंचे तो वहीं अब न्यू ईयर पर सैलानियों का हुजूम उमड़ने की पूरी-पूरी संभावना बनी हुई है। ऐसे में कोरोना महामारी का खतरा भी लगातार बना हुआ है। हिमाचल में विंटर पर्यटन सीजन में कोरोना की नई लहर किसी चुनौती से कम नहीं है।
हालांकि प्रदेश में अभी संक्रमण को लेकर राहत है परंतु जिस तरीके से प्रदेश में सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है, ऐसे में वह दिन दूर नहीं जब यहां भी कोरोना बेकाबू हो जाएगा। बता दें कि चीन सहित दुनिया के कई देशों में कोरोना फिर से कहर बनकर टूट रहा है। इसी को देखते हुए देश सहित प्रदेश में भी कोरोना को लेकर पहले से ही अलर्ट किया जा चुका है। प्रदेशवासियों सहित बाहर से आने वाले सैलानियों को मास्क पहनने और उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि भारत देश और हिमाचल में कोरोना अभी काबू में है और बेहद कम मामले सामने आ रहे हैं। उधर, कोरोना से निपटने को अभी प्रदेश में वैक्सीन की करीब एक लाख डोज ही उपलब्ध हैं। केंद्र सरकार 27 दिसंबर को प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हिमाचल में की गई तैयारियों को लेकर पोर्टल में आंकड़े उपलब्ध करवाएगी।
इसके आधार पर केंद्र सरकार प्रदेश की तैयारियों पर निगरानी रखेगी। कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध वेंटिलेटर, ऑक्सीजन की व्यवस्था, अस्पतालों में बिस्तरों और मेडिकल स्टाफ से संबंधित जानकारी केंद्र लेता रहेगा।