हिमाचल में कल करवट लेगा मौसम, कई भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार

मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ चलने व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में शनिवार शाम को फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। मनाली के मालरोड़ पर पर्यटकों ने बर्फ के फाहों का खूब आंनद लिया। आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख सैलानी खुशी में झूम उठे।

सिरमौर व शिमला जिलों की करीब 12 हजार फुट ऊंची चोटी व प्रदेश के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार में शनिवार दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हुई। वहीं नौहराधार, हरिपुरधार में भी बर्फबारी शुरू हुई। फागू-कुफरी में भी शनिवार शाम को ताजा बर्फबारी हुई है। इन दिनों हो रही बर्फबारी से जिले के किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है।

उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 1 मार्च तक बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 26, 27, 29 फरवरी और 1 मार्च को राज्य के मध्य व उच्च कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने व बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।