Loading...

क्रिप्टो करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी, 10 लोगों ने करवाई एफआईआर दर्ज 

Ankita • 29 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश में क्रिप्टो करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी होने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर करीब 10 लोगों ने पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। यह शिकायत देहरा उपमंडल के हरिपुर, देहरा, बीहण और नगरोटा सूरियां आदि क्षेत्रों के लोगों ने करवाई है। वहीं क्रिप्टो करेंसी को लेकर थाना पालमपुर में भी तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, क्रिप्टो करेंसी से मोटी कमाई के चक्कर में कुछ लोगों ने सरकारी नौकरी तक छोड़ दी। मंडी जिले में तैनात एक पुलिसकर्मी ने नौकरी छोड़कर क्रिप्टो करेंसी में निवेश का ही काम शुरू कर दिया। कई पुलिस कर्मियों ने भी इसमें निवेश किया। यहां तक कई जेई, पटवारी, सेवानिवृत्त और कार्यरत कर्मचारियों ने भी लाखों रुपये निवेश कर दिए। सूत्रों की मानें तो कई लोगों ने 10 से 15 लाख रुपये तक निवेश किए हैं।

बताया जा रहा है कि इस क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने के लिए पीड़ितों को एक-दो माह में लाखों रुपये कमाने के सपने दिखाने वालों में राजनीतिक पार्टियों के लोग भी शामिल हैं। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि क्रिप्टो करेंसी की मार्केटिंग करने वाले लोग पहले 37 हजार रुपये का निवेश करवाते थे और लोगों को 11 माह में राशि को दोगुना करने का झांसा देते थे।