हिमाचल में गलत साबित हो रहा मौसम विभाग का पूर्वानुमान, बारिश न होने से सूखे जैसे हालात…
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा बार-बार प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है जोकि सिरे नहीं चढ़ पा रहा है। प्रदेश में 3 महीनों से ज्यादा का वक्त बीत चुका है बावजूद इसके राज्य में न तो अच्छी बारिश हुई है और ना ही बर्फबारी। लंबे समय से बारिश न होने के कारण प्रदेश में सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
आलम यह है कि किसानों की फसलें खेतों में सूखने की कगार पर आ गई है जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। तो वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग लगातार प्रदेश में बारिश-बर्फबारी को लेकर कभी अलर्ट जारी कर रहा है तो कभी पूर्वानुमान लगा रहा है। बावजूद इसके मौसम विभाग का अलर्ट और पूर्वानुमान गलत साबित हो रहा है।
विभाग ने 11 से 13 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया था परंतु बीते रोज भी मात्र मौसम खराब हुआ। हालांकि इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात हुआ जबकि कुछ एक क्षेत्रों में केवल बूंदाबांदी ही हुई। वही आज सुबह से ही प्रदेश में धूप खिली हुई है। उधर, प्रदेश में जनवरी के पहले 11 दिन में 91 फीसदी और दिसंबर में 98 फीसदी कम बारिश हुई है।