हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव में 63.73 फीसदी हुआ मतदान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में रविवार को पंचायती राज संस्थाओं के लिए हुए उपचुनाव में 63.73 फीसदी मतदान हुआ। यह चुनाव 7 जिलों में करवाया गया, जिसमें 19173 मतदाताओं ने अपने वोट डाले। रविवार को 28 पदों के लिए वोट डाले गए। राज्य चुनाव आयोग द्वारा 86 खाली पदों के लिए उपचुनाव की घोषणा की थी। इनमें से 57 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
एक वार्ड सदस्य के पद के लिए किसी ने भी अपना नामांकन नहीं भरा और 28 पदों पर चुनाव हुए। यह चुनाव बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और ऊना जिले में हुए। पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों व वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम रविवार देर शाम को घोषित कर दिए गए। राज्य चुनाव आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं।
चुनाव में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने ज्यादा वोट डाले हैं। इसमें 9383 पुरुष मतदातओं ने अपना वोट डाला है, जबकि 9790 महिला मतदाताओं ने अपना वोट डाला है। उपचुनाव में सबसे ज्यादा सिरमौर जिला में 84.47 प्रतिशत वोटिंग हुई है। बिलासपुर में 65.02, हमीरपुर में 64.18, कांगड़ा में 59.27, मंडी में 62.69, शिमला में 72.57 और ऊना में 62.07 प्रतिशत वोटिंग हुई है।