40 नेताओं के साथ चुनावों में कांग्रेस का घेराव करेगी बीजेपी
HNN/शिमला
नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अपना फोकस अब हिमाचल की ओर कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 6 राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत 40 स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर ली है। इस सूची को भाजपा ने चुनाव आयोग को भी सौंप दिया है।
ऐसे में अब जल्द ही हिमाचल में पीएम मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों की रैलियों का आयोजन होगा। प्रत्याशियों की ओर से प्रदेश भाजपा मुख्यालय को डिमांड भेजी गई है। जिसके बाद अब स्टार प्रचारकों की रैलियों के समय व स्थान निर्धारित किए जा रहे हैं।
हिमाचल में 4 संसदीय सीटों और 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। यानी कि कुछ 10 सीटों पर चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रत्याशियों की ओर से सबसे ज्यादा डिमांड केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और जगत प्रकाश नड्डा की है।
सभी सीटों पर इन नेताओं का पहुंचना मुश्किल है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी कुछ विधानसभाओं को मिलाकर नेताओं की रैली करवाना चाह रही है, ताकि विधानसभा उपचुनाव के साथ-साथ लोकसभा के लिए भी प्रचार हो सके। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की विधानसभा उपचुनावों को लेकर सबसे ज्यादा डिमांड है।
इन राज्यों के मुख्यमंत्री आएंगे…
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंता बिश्वा शर्मा, मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर यहां आएंगे।
भाजपा के ये नेता होंगे हिमाचल में स्टार प्रचारक…
पियूष गोयल, स्मृति ईरानी, ज्योतिराद्धितीय सिंधिया, हरदीप सिंह पुरी, अनुराग ठाकुर, सौदान सिंह, दुष्यंत कुमार गौतम, प्रेम कुमार धूमल, मजिंद्र सिंह सिरसा, शांता कुमार, अविनाश राय खन्ना, जयराम ठाकुर, श्रीकांत शर्मा, राजीव बिंदल, मनोज तिवारी, तेजस्वी सूर्या, इंदू गोस्वामी, सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, सिद्धार्थन, पवन काजल, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज, कंगना रणौत, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, वंदना योगी।

