हिमाचल में बर्फबारी के बीच हादसा : लकड़ी लाने गए युवक की दर्दनाक मौत
Himachalnow / मंडी
मंडी जिले में बर्फ में फिसलकर युवक की जान गई , मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बालीचौकी क्षेत्र में बर्फबारी के बीच एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। नारायणगढ़ जंगल में लकड़ी लाने गए खेमराज (पुत्र विक्रम, निवासी कटुरनी गांव) की बर्फ में फिसलकर मौत हो गई।
घटना के दौरान खेमराज फिसलकर एक पेड़ से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने उसे तुरंत थाची पहुंचाया और वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं (CHC Nagwain) ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माता-पिता का इकलौता बेटा खोया
खेमराज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कुछ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्षेत्र में शोक की लहर
पूर्व जिला परिषद सदस्य संत राम, भूमे राम, वर्तमान जिला परिषद सदस्य हिमा देवी, खलवाहण पंचायत प्रधान केशव राम और उप प्रधान गौरी दत्त ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बालीचौकी पुलिस चौकी के प्रभारी राम कृष्ण ने घटना की पुष्टि की है।