Loading...

हिमाचल में बर्फबारी से एचआरटीसी के 640 रूट ठप, 3 वोल्वो बसें भी बंद

Ankita • 5 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। बर्फबारी से जहां सड़के अवरुद्ध हो गई हैं, वहीं कई जगह बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसके कारण कई भागों में ब्लैकआउट चल रहा है। हालांकि, बिजली आपूर्ति बहाल करने को बोर्ड के कर्मचारी और अधिकारी फील्ड में डटे हुए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा भी मार्ग बहाल किए जा रहे है।

बता दें ताजा बर्फबारी के बाद रविवार को निगम के करीब 640 रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित रहीं। बर्फबारी के कारण कुल्लू, शिमला, मंडी और चंबा जिला में सबसे अधिक बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सड़कें बंद होने से निगम की 3 वोल्वो बस सेवाएं भी बंद हैं। सड़कों पर रात के समय पानी जमने से फिसलन के चलते निगम ने कई रात्रि रूट बंद कर दिए हैं।

निगम की करीब 76 बसें विभिन्न रूटों में फंसी हुई हैं। जिला किन्नौर और रामपुर के लिए वाया बसंतपुर बसें भेजी जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर भारी फिसलन के चलते परिवहन निगम ने कुछ रूटों पर रात्रि बस सेवाएं स्थगित कर दी हैं। दिल्ली-रामपुर और दिल्ली-रोहड़ू रूट पर वोल्वो सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। यह वोल्वो बसें शिमला-दिल्ली के बीच संचालित की जा रही हैं।