Loading...

हिमाचल में बर्फबारी से 504 सड़कें अवरुद्ध, 674 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप…..

Ankita • 3 Feb 2024 • 1 Min Read

हिमाचल परिवहन निगम के रूट ठप, 136 बसें फंसीं

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बर्फ़बारी से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बर्फबारी से जहां सड़के अवरुद्ध हो गई हैं, वहीं कई जगह बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जानकारी के मुताबिक, आज शनिवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में चार नेशनल हाईवे और 504 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं।

सबसे ज्यादा सड़कें शिमला, कुल्लू व लाहौल-स्पीति में बंद हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 674 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। इसके चंबा, मंडी, शिमला और कुल्लू जिले के कई भागों में ब्लैक आउट हो गया है। बिजली तार और पोल टूटने से प्रदेश में ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं।

हालांकि, बिजली आपूर्ति बहाल करने को बोर्ड के कर्मचारी और अधिकारी फील्ड में डटे हुए हैं। जिला कुल्लू और लाहौल में अभी तीन हाईवे के साथ करीब 200 सड़कें और 300 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के करीब 600 रूट ठप रहे। निगम की करीब 136 बसें रास्तों में फंसीं हैं।