हिमाचल में बर्फबारी से 720 सड़कें अवरुद्ध, 2,243 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप…..
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बर्फ़बारी से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बर्फबारी से जहां सड़के अवरुद्ध हो गई हैं, वहीं कई जगह बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कड़ाके की ठंड में लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
हालांकि, शुक्रवार की सुबह धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम खुलते ही लोक निर्माण विभाग की मशीनरी सुबह से बर्फबारी हटाने में जुट गई है। इसके साथ ही विद्युत् विभाग भी अपना कार्य तेजी से कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य में शुक्रवार सुबह 10:00 बजे तक चार नेशनल हाईवे व 720 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। इसके अतिरिक्त 2,243 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं।लाहौल में लोनिवि के सभी 134 सड़कें बंद हैं। जबकि कुल्लू में भी एचआरटीसी के 100 से ज्यादा बस रूट प्रभावित हैं। रात को गिरी बर्फ से वाहनों के पहिए थम गए हैं।