Loading...

हिमाचल में बारिश का कहर: NH-07 पर लैंडस्लाइड से यातायात ठप, शिमला-देहरादून-हरिद्वार रूट की बसें फंसीं

Shailesh Saini 2 Sep 2025 Edited 11 Mar 1 min read

खजूरना और मारकंडा पुल के पास गिरे पेड़, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन-

सिरमौर जिला में पिछले पाँच दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। नाहन-चंडीगढ़-देहरादून को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) लैंडस्लाइड और पेड़ गिरने के कारण सुबह करीब 5:00 बजे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

खजूरना और मारकंडा पुल के पास सुबह 5 बजे हुए भूस्खलन से सड़क पर यातायात पूरी तरह से रुक गया। खबर लिखे जाने तक मार्ग को बहाल नहीं किया जा सका था।

सड़क बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसमें कई महत्वपूर्ण रूटों की बसें भी फंसी रही। इनमें पांवटा-शिमला, जोगिंदरनगर-देहरादून और धर्मशाला-हरिद्वार जाने वाली बसें शामिल हैं।

जाम में फंसे यात्री, खासकर जो शिमला, चंडीगढ़ और देहरादून जा रहे थे, काफी परेशान नजर आए।
जिले में लगातार बारिश के कारण श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ है।

गिरी और यमुना नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गिरी नदी उठाओ पेयजल योजना भी बाढ़ की चपेट में आ गई है, जिससे नाहन शहर में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है।

पूरे जिले में जगह-जगह भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिसके चलते प्रशासन हाई अलर्ट पर है। लोगों से भी सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की जा रही है।