हिमाचल में मौसम ने ली करवट, लाहौल सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने अपना मिजाज़ बदला है। बता दें लाहौल-स्पीति, किन्नौर व चंबा के पांगी क्षेत्र के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है। वहीं बर्फबारी होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य में शनिवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे व 60 सड़कों पर आवाजाही ठप थी। शिंकुला दर्रा व दारचा से सरचू तक हाईवे फिर से बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व अन्य कई भागों में अंधड़ चलने से 532 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए। जिससे क्षेत्र अंधेरे के आगोश में समा गया है। बर्फबारी होने से केलांग व कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान फिर माइनस में पहुंच गया है।