हिमाचल में यहां सड़क किनारे फिर पड़ा मिला एक्सपायरी डेट की दवाइयों का जखीरा….
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के देहरा उपमंडल के तहत बनखंडी गांव के जंगल में एक्सपायरी दवाइयों की खेप खुले में फेंकी गई है। बता दें कि एक्सपायरी डेट की दवाइयों का यह जखीरा बनखंडी-हरिपुर-दोसड़का से खैरियां संपर्क मार्ग के किनारे जंगल में पड़ा हुआ है।
फेंकी गई दवाइयों के साथ ही बोरे और पेटियां भी पड़ी हैं जिनको देखने से यही प्रतीत हो रहा है कि इनमें भी दवाइयां ही भरी हैं और इनको यहां फेंके हुए काफी समय बीत चुका है। स्वास्थ्य विभाग को जानकारी मिलते ही बीएमओ डाॅ. संजय बजाज ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर दवाइयों को अपने कब्जे में लिया था।
वहीं जब इस बारे बीएमओ डाॅ. संजय बजाज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है कि दवाइयां जंगल में पड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिसने भी यह दवाइयां यहां फेंकी हैं उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।