हिमाचल में युवक से ठगी, मंगवाया लैपटॉप निकले घुंघरू….
HNN/ बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में ठगी का मामला सामने आया है जहां एक युवक को हजारों रुपए की चपत लग गई। हुआ यूं कि युवक ने ऑनलाइन लैपटॉप मंगाया था परंतु जब कुरियर आया तो उसमें लैपटॉप की जगह घुंघरू निकले। यह देखकर युवक के भी होश उड़ गए और वह सिर पकड़ कर बैठ गया। जिसके बाद पीड़ित तुरंत पुलिस थाना पहुंचा और इस बाबत शिकायत भी दर्ज करवाई।
बता दें कि बिलासपुर जिले के बरमाणा क्षेत्र के गांव भटेड़ निवासी विकास शर्मा को शातिरों ने 65 हजार रुपए का चूना लगाया है। विकास ने बताया कि इसमें लैपटॉप, बैग, की-बोर्ड, माउस ऑर्डर किया और पेमेंट भी कर दी थी। जिसके बाद जब युवक के पास कुरियर पहुंचा तो उसे खोलने पर अंदर से घुंघरू निकले जिसे देखकर उसके होश उड़ गए। जिसके बाद पीड़ित तुरंत पुलिस थाना पहुंचा और इसकी शिकायत दर्ज करवाई।