हिमाचल में राज्यसभा सीट के लिए वोटिंग शुरू, डिप्टी सीएम समेत कई सदस्यों ने डाला वोट
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में आज राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। कांग्रेस की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव मैदान में हैं, जबकि भाजपा ने हर्ष महाजन को उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं, जिसमें से 40 सीटें कांग्रेस, 25 सीटें भाजपा और तीन निर्दलीय विधायक हैं।
विधानसभा सत्र के दौरान सुबह 9 बजे राज्यसभा सीट के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। मतदान का रिजल्ट भी आज ही घोषित कर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, हिमाचल में खाली हुई राज्यसभा की एक सीट के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे से वोटिंग शुरू हो गई है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुबह पहले वोट डाला। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी आज विधानसभा पहुंचे और राज्यसभा सीट के लिए वोट डाला है। वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के सदस्यों से कहा कि डालो, डालो सारे वोट डालो।
कांग्रेस विधायक भी विधानसभा पहुंचे और वोट डाल रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सरकारी आवास ओक ओवर पहुंचे थे। वोटिंग शाम चार बजे तक होगी। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद वोटों की गिनती शुरू होगी और शाम तक नतीजा घोषित होगा।