Loading...

हिमाचल में लोकसभा चुनाव से पहले घोषित होंगे बोर्ड कक्षाओं के परीक्षा परिणाम

PARUL • 16 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड लोकसभा चुनाव से पहले बोर्ड कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा द्वारा यह जानकारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि इस बार शैक्षणिक सत्र 2023-24 की मार्च में होने वाली परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के लिए मूल्यांकन स्थलों में वृद्धि की जाएगी। बोर्ड का मानना है कि चुनाव में अध्यापकों की ड्यूटियां लगने से परिणाम घोषित करने में देरी हो सकती है।

इसलिए लोकसभा चुनावों से पहले ही बोर्ड कक्षाओं के वार्षिक परिणाम घोषित किए जाएंगे। शिक्षा बोर्ड ने इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मूल्यांकन के लिए 42 केंद्रों का गठन किया गया था, जबकि इस बार नौ मूल्यांकन केंद्र बढ़ाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बोर्ड हर साल 15 जून से पहले परिणाम घोषित करता रहा है। अभी लोकसभा चुनाव की तिथियों का एलान नहीं हुआ है लेकिन बोर्ड ने तैयारी पूरी कर ली है।