हिमाचल में सड़क पर पलटी लग्जरी बस, 40 यात्री थे सवार, हादसे में 11….
HNN/ बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक लग्जरी बस सड़क पर ही पलट गई जिससे बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें लगी है। वही सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। तो वहीं दूसरी तरफ बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण चालक की लापरवाही बताई जा रही है।
ऐसे में बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर थाना सदर बिलासपुर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बिलासपुर शहर से सटे राष्ट्रीय मार्ग पर होटल सागर व्यू के पास शुक्रवार सुबह पेश आया है। यहाँ मनाली से जालंधर की तरफ जा रही एक प्राइवेट बस (PB01 C 9972) अचानक ही अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे में 16 यात्री घायल हुए है जिनमें से 11 घायल यात्री जिला अस्पताल बिलासपुर में उपचाराधीन हैं और चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पीजीआई रेफर किया है।
उधर, डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से यात्री घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त यात्री मुंबई, जालंधर, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और उड़ीसा के रहने वाले है। प्रशासन की तरफ से घायलों को फौरी राहत प्रदान की गई है।