Loading...

हिमाचल में साहसिक गतिविधियां फिर से शुरू, गोवा की तरह बिलासपुर में क्रूज की सवारी का मजा

PARUL • 16 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश में सोमवार से साहसिक गतिविधियां एक बार फिर शुरू हो जाएंगी। सैलानी अब ब्यास नदी में रिवर राफ्टिंग और बीड़ बिलिंग, बंदला सहित अन्य साइट पर पैराग्लाइडिंग का मजा ले सकेंगे। बिलासपुर की गोबिंदसागर झील में सैलानी पहली बार हाईस्पीड स्टीमर और जेटी का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा पर्यटक कुल्लू की ब्यास नदी में रिवर राफ्टिंग और बीड़ बिलिंग, बंदला सहित अन्य साइट पर पैराग्लाइडिंग का मजा ले सकेंगे। गोवा की तरह बिलासपुर में क्रूज की सवारी का मजा ले सकेंगे।

गोबिंद सागर झील को बिलासपुर के कंदरौर से भाखड़ा बांध के 15 किलोमीटर पीछे तक वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए अधिसूचित किया गया है। बिलासपुर प्रशासन ने एक कंपनी को स्टीमर, क्रूज, जेटी आदि को व्यावसायिक रूप से चलाने के लिए टेंडर किया है। कंपनी के स्टीमर, जेटी झील में पहुंच गए हैं। आगामी पांच दिनों में 60 सीट वाला क्रूज भी विशाखापट्टनम से बिलासपुर पहुंच जाएगा। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार करीब 10 दिन बाद क्रूज को झील में उतार दिया जाएगा। प्रदेश में यह पहला मौका होगा, जब गोवा की तरह पर्यटक यहां भी क्रूज का आनंद ले सकेंगे।

जेटी, स्टीमर और क्रूज का संचालन किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गोबिंद सागर झील पर बने मंडी भराड़ी पुल के पास से किया जाएगा। फोरलेन से आने वाले पर्यटक इस जगह पर आसानी से पहुंच सकेंगे। बरसात के मौसम में अनहोनी से बचने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 15 जुलाई से 15 सितंबर तक साहसिक गतिविधियां पर रोक लगाई गई थी।

Related Topics: