हिमाचल में 2 दिन बारिश और बर्फबारी के आसार, पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली है और आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 दिनों तक बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान भी लगाया है। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी होगी तो वहीं कई जिलों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के तहत प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर और लाहौल स्पीति सहित चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 29 और 30 दिसंबर को बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में इस दौरान बारिश के आसार हैं। 31 दिसंबर से 3 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं।
उधर, लाहौल-स्पीति में आज और कल स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हिदायत दी गई है कि वे खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। केवल आपातकालीन स्थिति में ही यात्रा करें। इसके साथ ही सभी होटल और होम स्टे मालिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस संदेश को अपने मेहमानों तक पहुंचाएं और उन्हें सलाह दें कि वे इस अवधि के दौरान अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करें और सुरक्षित स्थान पर रहें।