HNN/मंडी
हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने अवैध लेनदेन के मामले में करीब 400 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। ये खाते शातिरों द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से करोड़ों रुपये की ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।शातिर लोगों को घर बैठे पैसा कमाने का लालच देकर खाते खुलवाते थे और फिर उन्हें अपने अवैध लेनदेन के लिए इस्तेमाल करते थे।
खाता खुलवाने के लिए 10 हजार रुपये तक कमीशन भी दिया जाता था। कई मामलों में खाताधारक भी ठगी का शिकार हुए हैं।पुलिस जांच में पता चला है कि शातिरों ने ठगी के पैसे खुलवाए खातों में ट्रांसफर करवाए थे। खातों में लाखों का लेनदेन होने लगा तो बैंक शाखा से खाताधारकों तक सूचना पहुंची। दूसरे राज्यों में ठगी की शिकायतें दर्ज होने के बाद खातों में धनराशि जमा करवाने का जिक्र हुआ तो पुलिस ने खाते फ्रीज करवा दिए।
अब खाताधारक भी पुलिस जांच के दायरे में आ गए हैं। कई खाताधारक के खातों में आई लाखों की राशि से अनजान थे, क्योंकि उनमें शातिरों के नंबर ही अपडेट किए गए थे और सारी जानकारी उन तक ही पहुंच रही थी। पुलिस ने लोगों को कम समय में अधिक धनराशि कमाने के झांसे में न आने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ शेयर न करने की सलाह दी

